अलीगढ़ जनपद 1 अक्टूबर 2026 : जिलाधिकारी ने बताया कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की जयंती 02 अक्टूबर को जिले में गरिमापूर्ण ढंग से मनाई जाएगी। शासन के निर्देशों के क्रम में सभी राजकीय भवनों पर प्रातः राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा और प्रातः 9 बजे कार्यालयों, विद्यालयों एवं अन्य संस्थानों में महात्मा गांधी जी के चित्र पर माल्यार्पण कर उनके जीवन, संघर्ष, देशसेवा एवं विचारों पर प्रकाश डाला जाएगा।
इस दौरान जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने बताया कि विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में गांधीवादी जीवन-दृष्टि, राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता, मानवाधिकार एवं सामाजिक न्याय विषयों पर वाद-विवाद प्रतियोगिताएं, गोष्ठियां एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही महिला सशक्तीकरण, बालिका शिक्षा, दहेज प्रथा उन्मूलन और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए संचालित मिशन शक्ति, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला, महिला हेल्पलाइन, निराश्रित महिला पेंशन, बीसी सखी एवं मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह जैसी योजनाओं की जानकारी जनसामान्य तक पहुंचाई जाएगी।
उन्होंने कहा कि गांधी जी की ग्राम स्वराज की अवधारणा के अनुरूप गांवों में आत्मनिर्भरता, स्वावलम्बन, सादगी एवं नैतिक मूल्यों को बढ़ावा देने के साथ ग्रामीण विकास की शासन की प्राथमिकताओं से लोगों को अवगत कराया जाए।
स्वतंत्रता आंदोलन में गांधी जी के योगदान, स्वदेशी आंदोलन, नमक सत्याग्रह एवं रचनात्मक कार्यक्रमों को भी जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। जिलाधिकारी ने सभी विभागाध्यक्षों एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासनादेश में दिए गए निर्देशों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करते हुए शांति, सद्भाव, समरसता और जनभागीदारी का संदेश व्यापक रूप से प्रसारित किया जाए।




Post A Comment: