अलीगढ़ जनपद 30 मार्च 2026 : प्रदेश सरकार द्वारा आंगनबाड़ी व्यवस्था को सुदृढ़ और आधुनिक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए मा0 मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी ने लखनऊ में आयोजित भव्य कार्यक्रम में मुख्य सेविकाओं, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं को विभिन्न सुविधाओं एवं संसाधनों से सशक्त किया। कार्यक्रम के अंतर्गत हजारों मुख्य सेविकाओं को स्मार्टफोन, लाखों कार्यकत्रियों को ग्रोथ मॉनिटरिंग डिवाइस और बड़ी संख्या में सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए, साथ ही सैकड़ों आंगनबाड़ी केंद्रों एवं बाल विकास परियोजना कार्यालयों का लोकार्पण एवं शिलान्यास भी किया गया।
लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम का सजीव प्रसारण कलैक्ट्रेट सभागार में देखा गया, जहां जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति में जिला स्तरीय आयोजन सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में मा0 अध्यक्ष जिला पंचायत श्रीमती विजय सिंह, मा0 एमएलसी प्रो0 तारिक मंसूर, मा0 विधायक कोल श्री अनिल पाराशर, मा0 विधायक इगलास श्री राजकुमार सहयोगी, मा0 विधायक छर्रा ठा0 रवेंद्र पाल सिंह, मा0 विधायक खैर की माताजी श्रीमती रजनी दिलेर, जिलाधिकारी संजीव रंजन एवं मुख्य विकास अधिकारी योगेंद्र कुमार सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।
जिले में आयोजित कार्यक्रम के दौरान 13 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं 743 सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए, वहीं 11 मुख्य सेविकाओं को स्मार्टफोन प्रदान किए गए। इसके साथ ही 13 नव-निर्मित आंगनबाड़ी केंद्र भवनों का लोकार्पण के साथ ग्राम प्रधानों को भी सम्मानित किया गया।
जिला कार्यक्रम अधिकारी के.के. राय ने बताया कि प्रत्येक आंगनबाड़ी भवन लगभग 11.84 लाख रुपये की लागत से निर्मित किया गया है। कुल 907 सहायिकाओं की भर्ती प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता बरतते हुए 743 अभ्यर्थियों का चयन किया गया। उन्होंने बताया कि बाल विकास परियोजना धनीपुर में 85, अकराबाद में 53, गंगीरी में 70, शहर में 75, जवां में 66, टप्पल में 49, गोंडा में 38, इगलास में 67, खैर में 58, बिजौली में 46, चण्डौस में 48, लोधा में 46 एवं अतरौली में 42 सहायिकाओं की नियुक्ति हुई है।
लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मा0 मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी ने कहा कि प्रदेश सरकार आंगनबाड़ी व्यवस्था को ‘स्मार्ट’ बनाने की दिशा में तेजी से कार्य कर रही है। उन्होंने आश्वस्त किया कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं के मानदेय में शीघ्र ही वृद्धि का प्रस्ताव लाया जाएगा। उन्होंने कहा कि जब आंगनबाड़ी केंद्र स्मार्ट हो रहे हैं तो कार्यकत्रियों का मानदेय भी उसी अनुरूप होना चाहिए। मुख्यमंत्री जी ने चयन प्रक्रिया की पारदर्शिता पर बल देते हुए कहा कि बिना किसी सिफारिश या लेन-देन के पात्र अभ्यर्थियों को अवसर दिया गया है। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं से आह्वान किया कि वे ‘यशोदा मां’ की तरह नौनिहालों के पोषण, शिक्षा एवं स्वास्थ्य का समर्पण भाव से ध्यान रखें, ताकि आने वाली पीढ़ी सशक्त और स्वस्थ बन सके।
इस अवसर पर मा0 अध्यक्ष जिला पंचायत श्रीमती विजय सिंह ने कहा कि यह कार्यक्रम नारी सशक्तिकरण, स्वावलंबन और रोजगार सृजन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। वहीं मा0 विधायक श्री अनिल पाराशर ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में बच्चों की देखभाल, पोषण एवं शिक्षा की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित हो रही है, जिससे व्यवस्थाओं में पारदर्शिता और विश्वास भी बढ़ा है। इस अवसर पर सभी सीडीपीओ एवं नवनियुक्त आंगनबाड़ी, सहायिका समेत मुख्य सेविकाएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का संचालन सीडीपीओ आशा त्रिपाठी द्वारा किया गया।






Post A Comment: