अलीगढ़ जनपद 30 मार्च 2026: जिले में नशीले पदार्थों की रोकथाम और प्रभावी नियंत्रण को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है। इसी क्रम में जिलाधिकारी संजीव रंजन के निर्देश पर सिटी मजिस्ट्रेट अतुल गुप्ता की अध्यक्षता में जिला स्तरीय नारकोटिक्स कोऑर्डिनेशन सेंटर (छब्व्त्क्) समिति की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में आबकारी विभाग, पुलिस विभाग, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स, इंटेलिजेंस ब्यूरो, स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग एवं वन विभाग सहित विभिन्न संबंधित विभागों के अधिकारियों ने प्रतिभाग किया। बैठक के दौरान गत माह में नशीले पदार्थों की रोकथाम के लिए किए गए कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। साथ ही भविष्य में प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने पर गहन विचार-विमर्श किया गया। अधिकारियों ने नशीले पदार्थों के सेवन के बदलते तरीकों, उनके दुष्प्रभावों और युवाओं में बढ़ती प्रवृत्ति को लेकर चिंता व्यक्त करते हुए जागरूकता बढ़ाने और सख्त कार्रवाई पर बल दिया।
सिटी मजिस्ट्रेट ने बैठक की अध्यक्षता करते हुए सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नशा उन्मूलन के लिए प्रवर्तन के साथ-साथ जनजागरूकता अभियान भी उतना ही आवश्यक है, ताकि समाज को इस गंभीर समस्या से सुरक्षित रखा जा सके। बैठक में यह भी तय किया गया कि संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखते हुए सूचनाओं का त्वरित आदान-प्रदान सुनिश्चित किया जाएगा और शैक्षणिक संस्थानों में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिला प्रशासन द्वारा नशा मुक्त समाज के निर्माण के लिए निरंतर प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं, जिससे जनपद में सकारात्मक परिणाम देखने को मिलेंगे।



Post A Comment: