अलीगढ़ जनपद 28 मार्च 2026 : जिलाधिकारी संजीव रंजन की अध्यक्षता में कलैक्ट्रेट सभागार में शनिवार को जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आहुत की गई। डीएम ने बैठक में पीडब्लूडी एवं नगर निगम को निर्देशित किया कि शहर में चल रहे निर्माण कार्यों को जल्द से जल्द पूरा कराया जाए ताकि आमजन को सुचारू यातायात व्यवस्था सुनिश्चित हो सके। जिलाधिकारी ने आरएम रोडवेज को निर्देशित किया कि सूतमिल बस अड्डे से बसों का नियमानुसार संचालन कराया जाए ताकि चौराहे समेत शहर भर की यातायात व्यवस्था सुदृढ़ हो सके।
ग्राम भरथरी के निकट अवैध कट को बंद कराए जाने के संबंध में डीएम ने एसडीएम एवं पुलिस के साथ संबंधित ग्राम प्रधान व नागरिकों से समन्वय कर कार्यवाही पूर्ण करने के निर्देश दिए। ब्लैक स्पॉट पर कार्यवाही के संबंध में अधिशासी अभियंता पीडब्लूडी योगेश कुमार ने बताया कि रामघाट-कल्याण मार्ग पर बीयर फैक्ट्री के निकट पुल चौड़ीकरण का कार्य प्रगति पर है, औरनी दलपतपुर पर सुधारात्मक कार्य करा दिया गया है जबकि खैर-जट्टारी मार्ग पर अपै्रल के द्वितीय सप्ताह में कार्य आरम्भ होगा। जसरथपुर ट्रामा सेंटर संचालन के संबंध में बताया गया कि 03 चिकित्सकों की रोटेशन प्रणाली के आधार पर 24 घण्टे तैनाती सुनिश्चित की गई है। इसके साथ ही निजी क्षेत्र के 65 ट्रामा सेंटर को भी स्वास्थ्य विभाग से जोड़ा गया है। दुर्घटनाग्रस्त को त्वरित चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध हो सके इसके लिए सभी थानों एवं पुलिस कार्मिकों का 25 मार्च को प्रशिक्षण करा दिया गया है।
डीएम ने रामघाट रोड स्थित मैरिज होम,चिकित्सालयों एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में पार्किंग व्यवस्था पर कड़ा रूख दिखाते हुए एडीए को प्रभावी कार्यवाही करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि केवल नोटिस देने तक ही सीमित न रहें, नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरूद्ध सीलिंग की कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। शहर के प्रमुख चौराहों पर जेब्रा क्रॉसिंग व स्टॉप लाइन के संबंध में नगर निगम द्वारा बताया गया कि टेण्डर निकाले गए हैं, अगले माह तक कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा। ग्रामीण सड़क सुरक्षा एक्शन प्लान के संबंध में डीपीआरओ ने बताया कि ग्रामीण स्तर पर समितियों का गठन कर बैठकों का आयोजन किया जा रहा है।
सड़क दुर्घटनाओं की समीक्षा में पाया गया कि फरवरी 2025 में जहां 96 दुर्घटनाओं में 47 की मृत्यु हुई वहीं फरवरी 2026 में 142 दुर्घटनाओं में 49 की मृत्यु हुई है। डीएम ने दुर्घटना एवं मृत्यु के कारणों की गहन जांच कर प्रभावी कार्यवाही के निर्देश दिए। एआरटीओ प्रवेश कुमार ने बताया कि स्कूली वाहनों की फिटनेस सुरक्षा मानक सुनिश्चित करने के लिए निरंतर कार्यवाही की जा रही है। 01 अप्रैल से विभागीय एप लांच होने के पश्चात इसमें और अधिक पारदर्शिता आएगी। डीएम ने बीएसए एवं डीआईओएस के साथ समन्वय से सभी स्कूली वाहनों का नियमानुसार संचालन करने के निर्देश दिए। डीएम ने डीएसओ निर्देशित किया कि पेट्रोल पंपों पर नो हैलमेट-नो फ्यूल नियम का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराएं।
बैठक में एडीएम सिटी किंशुक श्रीवास्तव समेत संबंधित विभागीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।




Post A Comment: