अलीगढ़ 21 मई 2026 : जिलाधिकारी अविनाश कुमार के निर्देश पर जिले में अवैध गैस रिफिलिंग, कालाबाजारी एवं एलपीजी गैस के अवैध भंडारण के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए बन्नादेवी क्षेत्र में अवैध गैस रिफिलिंग का भंडाफोड़ किया गया। कार्रवाई के दौरान घरेलू गैस सिलेंडरों, रिफिलिंग उपकरणों एवं इलेक्ट्रॉनिक मशीन समेत बड़ी मात्रा में सामान बरामद किया गया।
जिला पूर्ति अधिकारी सत्यवीर सिंह के निर्देशन में पूर्ति निरीक्षक मनोज कुमार शर्मा, कृष्णवीर सिंह, रामदेव सिंह, विनोद कुमार शर्मा, पूर्ति लिपिक एवं थाना बन्नादेवी पुलिस बल की संयुक्त टीम ने मौहल्ला सराय रहमान स्थित सिया वाली मस्जिद के पास अजीम पुत्र हबीब की दुकान पर छापेमारी की।
छापे के दौरान मौके से कुल 11 घरेलू गैस सिलेंडर बरामद हुए, जिनमें 7 एचपी, 2 बीपीसीएल और 2 इंडेन कंपनी के सिलेंडर शामिल हैं। इनमें 3 भरे एवं 8 खाली सिलेंडर पाए गए। इसके अतिरिक्त 5 किलो क्षमता वाले 6 निजी खाली सिलेंडर, एक इलेक्ट्रॉनिक मशीन और गैस रिफिलिंग पाइप भी बरामद किया गया। पूछताछ में आरोपी अजीम ने स्वीकार किया कि वह बड़े घरेलू सिलेंडरों से छोटे सिलेंडरों में अवैध रूप से गैस रिफिलिंग करता था। वह घरेलू सिलेंडर लगभग 1500 रुपये में खरीदकर छोटे सिलेंडरों में 120 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से गैस भरकर बेचता था।
बरामद समस्त सामान को आवश्यक दिशा-निर्देशों के साथ श्रीनाथ इंडेन गैस सर्विस के सुपुर्द किया गया है। जिलाधिकारी के निर्देश पर आरोपी के विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम-1955 की धारा 3/7 के अंतर्गत थाना बन्नादेवी में अभियोग दर्ज कराने के लिए पूर्ति निरीक्षक मनोज कुमार शर्मा द्वारा तहरीर दी गई है।
जिला पूर्ति अधिकारी सत्यवीर सिंह ने बताया कि जिले में अवैध गैस कारोबार के खिलाफ लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है। अब तक की छापेमार कार्रवाई में कुल 66 घरेलू एवं कॉमर्शियल सिलेंडर जब्त किए जा चुके हैं और 6 व्यक्तियों के विरुद्ध 4 प्राथमिकी दर्ज कराई जा चुकी हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि एलपीजी गैस के अवैध भंडारण, कालाबाजारी अथवा रिफिलिंग में लिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाएगी।




Post A Comment: