रिपोर्टर आकाश कुमार 

अलीगढ़ जनपद 19 मई 2026 : राष्ट्रीय अंधता निवारण कार्यक्रम के अंतर्गत जिले में सरकारी चिकित्सालयों की नेत्र चिकित्सा सेवाओं को और अधिक प्रभावी एवं सुदृढ़ बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग निरंतर कार्य कर रहा है। विभागीय प्रयासों के परिणामस्वरूप विगत वर्षों में सरकारी अस्पतालों में मोतियाबिंद ऑपरेशन एवं नेत्र उपचार सेवाओं में निरंतर सुधार दर्ज किया गया है और हजारों मरीजों को लाभान्वित किया गया।

अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं नोडल अधिकारी राष्ट्रीय अंधता निवारण कार्यक्रम डॉ0 दिनेश खत्री द्वारा अवगत कराया गया कि जिला स्तरीय सरकारी चिकित्सालयों में नेत्र रोगियों को नियमित रूप से जांच, उपचार एवं मोतियाबिंद ऑपरेशन की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। वर्ष 2025-26 में सरकारी अस्पतालों में 4 हजार से अधिक मरीजों के सफल मोतियाबिंद ऑपरेशन किए गए। विभाग का लक्ष्य आगामी समय में इन सेवाओं का और अधिक विस्तार करना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि ब्लॉक स्तरीय सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर ऑप्टोमेट्रिस्ट, नेत्र परीक्षण अधिकारी एवं नेत्र रोग विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी के बावजूद उपलब्ध संसाधनों के माध्यम से मरीजों को निरंतर सेवाएं प्रदान की जा रही हैं। विशेषज्ञ चिकित्सकों एवं तकनीकी स्टाफ की तैनाती के लिए शासन एवं महानिदेशालय स्तर पर लगातार पत्राचार किया जा रहा है, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों तक नेत्र चिकित्सा सेवाओं को और अधिक मजबूत बनाया जा सके

जिले के सरकारी अस्पतालों में मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के लिए आधुनिक उपकरणों एवं संसाधनों को भी सुदृढ़ किया जा रहा है। पं. दीन दयाल उपाध्याय संयुक्त चिकित्सालय में प्रयुक्त फेको मशीन के एक पार्ट में तकनीकी खराबी आने के बाद चिकित्सालय प्रशासन द्वारा मशीन को शीघ्र ठीक कराने की प्रक्रिया तेजी से कराई जा रही है, जिससे मरीजों को निर्बाध सेवाएं मिल सकेंगी।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार जे.एन. मेडिकल कॉलेज, गांधी नेत्र चिकित्सालय एवं अन्य सरकारी चिकित्सा संस्थानों में बड़ी संख्या में मरीज उपचार प्राप्त कर रहे हैं। विभागीय स्तर पर समय-समय पर जागरूकता अभियान चलाकर आमजन को सरकारी अस्पतालों में उपलब्ध निःशुल्क एवं गुणवत्तापूर्ण नेत्र उपचार सुविधाओं के प्रति जागरूक किया जा रहा है। राष्ट्रीय अंधता निवारण कार्यक्रम के तहत प्रत्येक जरूरतमंद व्यक्ति तक बेहतर नेत्र उपचार सुविधा पहुंचाना प्राथमिकता है और इसी उद्देश्य के साथ सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं को लगातार सुदृढ़ किया जा रहा है।

Share To:

Post A Comment: