जिला संवाददाता आकाश कुमार,
अलीगढ़ जनपद 6 मई 2026 : माननीय राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण एवं उ0प्र0 राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार और जिला न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण पंकज कुमार अग्रवाल की अध्यक्षता में 09 मई को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की सफलता के लिए समन्वय बैठक का आयोजन किया गया।
बैठक में जिला जज ने जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि 09 मई को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिक से अधिक मामलों को चिन्हित कर इसकी सूचना समय जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कार्यालय को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें, जिससे कि वांछित सूचना उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधकिरण लखनऊ को दी जा सके। उन्होंने सभी अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया है कि अपने स्तर से चिन्हित मामलों में पक्षकारों को बुलाकर उनसे सुलह वार्ता कर अधिक से अधिक मामलों का निस्तारण कराने का प्रयास करें।
अपर सिविल जज एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव कृति सिंह ने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत में न्यायालयों एवं विभागों में लम्बित विभिन्न प्रकृति के मामलों- फौजदारी के शमनीय वाद, धारा 138 एनआईएक्ट, धन वसूली वाद, मोटर दुर्घटना प्रतिकर वाद, श्रम वाद, विद्युत अधिनियम एवं जलकर से सम्बन्धित वाद, पारिवारिक एवं वैवाहिक वाद, भूमि अर्जन वाद, सेवा सम्बन्धित वाद अन्य दीवानी वाद, अन्य प्रकृति के वाद जो न्यायालयों में छोटे-छोटें प्रकृति के लंबित मामलों के अतिरिक्त पारिवारिक, वैवाहिक विवादों के प्रीलिटिगेशन मामलों तथा प्रीलिटिगेशन स्तर पर विभिन्न बैंको, वित्तीय संस्थाओं एवं विभागों में लम्बित, प्रीलिटिगेशन स्तर के मामलों का भी निस्तारण आपसी सुलह समझौता के आधार पर किया जाएगा।
बैठक में एडीजे प्रतिभा सक्सेना, एसपी क्राइम ममता कुरील, एसपी ट्रैफिक प्रवीण कुमार समेत सभी जिलास्तरीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।




Post A Comment: