अलीगढ़ महानगर 6 अप्रैल 2026: जिलाधिकारी संजीव रंजन की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना की निगरानी समिति की बैठक में जनकल्याणकारी योजनाओं को गति देने पर विशेष जोर दिया गया। बैठक में डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी पात्र लाभार्थियों तक प्रदेश सरकार की योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ हर हाल में पहुंचाया जाए, ताकि कोई भी जरूरतमंद आवास जैसी मूलभूत सुविधा से वंचित न रहे।
जिलाधिकारी ने निर्माणाधीन आवासों को शीघ्र पूर्ण कराने के लिए संबंधित खंड विकास अधिकारियों को जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आवास निर्माण की गुणवत्ता और समयबद्धता दोनों सुनिश्चित की जाएं, जिससे लाभार्थियों को जल्द से जल्द उनका अपना घर मिल सके। बैठक में विद्युत विभाग के अधिकारी के अनुपस्थित रहने पर डीएम ने कड़ी नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारी के वेतन आहरण पर रोक लगाने के निर्देश दिए और कहा कि जनहित में लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
परियोजना निदेशक भाल चंद्र त्रिपाठी ने बताया कि जिले में 5424 पात्र लाभार्थियों को धनराशि जारी करते हुए 5416 आवास पूर्ण कराए जा चुके है, जबकि अवशेष आवासों को पूर्ण कराने के लिए निरंतर लाभार्थियों को सचेत किया जा रहा है। इसी के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में नवीन लाभार्थियों के चयन के लिए सर्वे करते हुए 19457 परिवारों को चिन्हित किया जा चुका है। जिनकी पात्रता की नियमानुसार जाँच करते हुए पोर्टल पर सभी जानकारी अपलोड की जा चुकी है। विभिन्न स्तरों पर जांच के बाद पुनः सत्यापन के लिए चिन्हित किए गए 8037 परिवारों का सत्यापन का कार्य किया जा चुका जिससे पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित हो सके। बैठक में मुख्यमंत्री आवास योजना की प्रगति की भी समीक्षा की गई, जिसमें योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया गया। बैठक में विभिन्न विभागों से आवास प्राप्त परिवारों कों लाभान्वित कराए जाने की समीक्षा की गई और उन्हें पेयजल , विद्युत, एनआरएलएम और निःशुल्क गैस सिलेंडर की सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए ।
आवासहीनों के लिए बनेगा वरदान:
प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री आवास योजनाएं जिले में आवासहीन परिवारों के लिए एक बड़े सहारे के रूप में उभर रही हैं। इन योजनाओं के माध्यम से न केवल लोगों को पक्का घर मिल रहा है, बल्कि उनका जीवन स्तर भी बेहतर हो रहा है। प्रशासन की सक्रियता और सतत निगरानी से यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि हर पात्र व्यक्ति को सम्मानजनक आवास उपलब्ध हो सके।
बैठक में सीडीओ योगेंद्र कुमार, सीएमओ डॉ नीरज त्यागी, वरिष्ठ कोषाधिकारी, डीडीओ आलोक आर्या, डीपीआरओ, यतेंद्र सिंह, एलडीएम अशोक सोनी सहित सभी खण्ड विकास अधिकारी, सहायक विकास अधिकारी एवं लाभार्थी परक योजनाओं से जुड़े अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।



Post A Comment: