सहायक निदेशक सूचना संदीप कुमार
रिपोर्टर आकाश कुमार
अलीगढ़ 26 मई 2026 (सू0वि0): भीषण गर्मी एवं नौतपा के दौरान जिले में तापमान लगातार बढ़ रहा है। तेज धूप और गर्म हवाएं स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन सकती हैं। जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा नागरिकों से अपील की गई है कि अत्यधिक आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलें और स्वयं और अपने परिवार की सुरक्षा को प्राथमिकता दें।
इस दौरान सहायक निदेशक सूचना संदीप कुमार द्वारा जनसामान्य से अपील की गई है कि दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक विशेष सावधानी बरतें। छोटे बच्चों, बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं एवं बीमार व्यक्तियों को अनावश्यक रूप से धूप में न जाने दें। बाहर निकलते समय सिर को कपड़े, टोपी या छाते से ढकें और पर्याप्त मात्रा में पानी, नींबू पानी, ओआरएस, छाछ, बेल का शरबत एवं अन्य तरल पदार्थ लेते रहें।
अपील में कहा गया है कि लू लगने के लक्षण जैसे तेज बुखार, अत्यधिक कमजोरी, चक्कर आना, सिर दर्द, उल्टी, बेचैनी अथवा बेहोशी महसूस होने पर तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर संपर्क करें। खुले स्थानों पर कार्य करने वाले श्रमिक, किसान एवं राहगीर विशेष सतर्कता बरतें और समय-समय पर छायादार स्थान पर विश्राम अवश्य करें।
लू एवं गर्मी से राहत के घरेलू उपाय:
1,घर से निकलने से पहले पानी पीकर निकलें और खाली पेट धूप में न जाएं।
2,प्याज का सेवन एवं जेब में छोटा प्याज रखना पारंपरिक रूप से लाभकारी माना जाता है।
3,कच्चे आम का पना, सत्तू, नींबू-पानी, नारियल पानी एवं छाछ शरीर को ठंडक पहुंचाते हैं।
4,अत्यधिक गर्मी लगने पर व्यक्ति को तुरंत छायादार एवं हवादार स्थान पर लिटाएं।
5,शरीर को ठंडे पानी की पट्टी से पोंछें एवं धीरे-धीरे पानी या ओआरएस पिलाएं।
6,हल्के रंग एवं सूती कपड़े पहनें और तले-भुने एवं अत्यधिक मसालेदार भोजन से बचें।
7,जनहित में सभी नागरिकों से अनुरोध है कि गर्मी को सामान्य मौसम न समझें। थोड़ी सी सावधानी आपको और आपके परिवार को सुरक्षित रख सकती है।
8,जिला प्रशासन हर कदम पर आपके साथ है। प्रभारी अधिकारी आपदा द्वारा जारी एडवाइजरी का पालन करें और आवश्यकता पड़ने पर ही घर से बाहर निकलें।




Post A Comment: