रिपोर्टर आकाश कुमार 

अलीगढ़ जनपद 19 जून 2026 : उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक एवं कमाण्डेन्ट जनरल होमगार्ड्स डी.के. ठाकुर ने मंडल का औचक निरीक्षण कर विभागीय कार्यप्रणाली की गहन समीक्षा की। सर्किट हाउस पहुंचने के बाद उन्होंने आयुक्त सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में अलीगढ़, हाथरस, एटा और कासगंज जनपदों के अधिकारियों के साथ विभागीय गतिविधियों, स्वयंसेवकों के कल्याण, टर्न-आउट और संगठन को अधिक व्यावसायिक एवं प्रभावी बनाने के संबंध में विस्तृत दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में अलीगढ़ मंडल के मण्डलीय कमाण्डेन्ट राजेश कुमार सिंह, डिप्टी कमाण्डेन्ट जनरल पश्चिम परिक्षेत्र आगरा संजीव कुमार शुक्ला, चारों जिलों के जिला कमाण्डेन्ट सहित वैतनिक एवं अवैतनिक अधिकारी उपस्थित रहे। डीजी होमगार्ड्स ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि होमगार्ड्स स्वयंसेवकों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाए तथा उनके प्रति संवेदनशील दृष्टिकोण अपनाया जाए।

इस दौरान अपने संबोधन में श्री ठाकुर ने कहा कि ड्यूटी के दौरान आकस्मिक दुर्घटना अथवा सेवाकाल में गंभीर बीमारी की स्थिति में स्वयंसेवकों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत योजना एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय कैशलेस चिकित्सा योजना के अंतर्गत अधिक से अधिक जवानों को आच्छादित किया जाएगा। उन्होंने ऑनलाइन उपस्थिति प्रणाली को प्रभावी बनाने, समय पर वर्दी भत्ता भुगतान और अन्य कल्याणकारी योजनाओं के सुचारु क्रियान्वयन के भी निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान डीजी होमगार्ड्स ने अवैतनिक अधिकारियों एवं स्वयंसेवकों से सीधा संवाद स्थापित कर उनकी कार्य परिस्थितियों, चुनौतियों और अपेक्षाओं की जानकारी ली। अधिकारियों ने थानों सहित विभिन्न ड्यूटी स्थलों पर होमगार्ड्स के लिए पृथक कक्ष उपलब्ध कराने, मानदेय वृद्धि तथा सेवानिवृत्ति लाभ जैसी मांगों को प्रमुखता से रखा। इस दौरान विभागीय व्यवस्थाओं और जमीनी स्तर की समस्याओं पर विस्तृत चर्चा हुई। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों की बातों को गंभीरता से सुनते हुए आश्वस्त किया कि विभागीय हित एवं स्वयंसेवकों के कल्याण से जुड़े मुद्दों पर सकारात्मक पहल की जाएगी। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि विभाग में भ्रष्टाचार किसी भी स्तर पर स्वीकार्य नहीं होगा और जीरो टॉलरेंस नीति के तहत पारदर्शिता, अनुशासन एवं जवाबदेही सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि विभाग की छवि और कार्यक्षमता को सुदृढ़ बनाने के लिए ईमानदारी एवं समर्पण के साथ कार्य करें।

 गंभीर, भर्ती व गर्भवती मरीजों के लिए तत्काल अल्ट्रासाउंड सुविधा, बढ़ते मरीज भार के बीच अस्पताल का विशेष प्रबंधन

अलीगढ़ 19 जून 2026 (सू0वि0): पं. दीनदयाल उपाध्याय संयुक्त चिकित्सालय में बढ़ती मरीज संख्या के बावजूद अल्ट्रासाउंड सेवाओं को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष प्रबंधन व्यवस्था लागू की गई है। चिकित्सालय प्रशासन के अनुसार अस्पताल की ओपीडी में प्रतिदिन लगभग 1500 से 2000 मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं, जबकि रेडियोलॉजी विभाग में वर्तमान में केवल एक रेडियोलॉजिस्ट तैनात हैं। इसके बावजूद प्रतिदिन औसतन 65 से 90 मरीजों के अल्ट्रासाउंड किए जा रहे हैं।

मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ0 महेंद्र कुमार माथुर द्वारा उपलब्ध कराई गई जानकारी के अनुसार गंभीर, आपातकालीन, भर्ती एवं गर्भवती मरीजों को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए उसी दिन अल्ट्रासाउंड की सुविधा उपलब्ध कराई जाती है, ताकि उनके उपचार में किसी प्रकार की देरी न हो। सामान्य मरीजों को उनकी चिकित्सीय आवश्यकता एवं सुविधा के अनुसार समयबद्ध तिथि प्रदान की जाती है।

अस्पताल प्रशासन ने बताया कि अल्ट्रासाउंड सेवाएं प्रतिदिन प्रातः 8 बजे से शाम 4 बजे तक संचालित की जा रही हैं। पिछले एक सप्ताह के आंकड़े दर्शाते हैं कि 70 से 89 तक मरीजों के प्रतिदिन अल्ट्रासाउंड किए गए, जिनमें बड़ी संख्या गर्भवती मरीजों की भी रही। 18 जून को 84, 17 जून को 80, 16 जून को 70, 15 जून को 78, 13 जून को 85, 12 जून को 89 और 11 जून को 73 मरीजों का अल्ट्रासाउंड किया गया।

मुख्य चिकित्सा अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि सीमित मानव संसाधनों के बावजूद अधिकतम मरीजों को समय पर जांच सुविधा उपलब्ध कराने का निरंतर प्रयास किया जा रहा है। अस्पताल का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि किसी भी गंभीर अथवा आवश्यक मरीज के उपचार में जांच संबंधी विलंब बाधा न बने और सभी को प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं प्राप्त हों।


Share To:

Post A Comment: