रिपोर्टर आकाश कुमार 

अलीगढ़ जनपद शनिवार को : तहसील अतरौली में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित, गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सम्पूर्ण समाधान दिवस का उद्देश्य केवल शिकायतें प्राप्त करना नहीं, बल्कि शिकायतकर्ता को वास्तविक राहत प्रदान करते हुए उसकी संतुष्टि सुनिश्चित करना है।

सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान एक संवेदनशील और मानवीय पहल भी देखने को मिली। पहली बार ऐसा देखने को मिला जब जिलाधिकारी ने अपनी शिकायत और समस्याएं लेकर पहुंचे प्रत्येक पुरुष एवं महिला को सम्मानपूर्वक कुर्सियों पर बैठाकर उनकी समस्याएं सुनीं। जिलाधिकारी की इस कार्यशैली की उपस्थित लोगों एवं अधिकारियों द्वारा सराहना की गई। लोगों का कहना था कि इस पहल से प्रशासन के प्रति विश्वास और अधिक मजबूत हुआ है।

समाधान दिवस में सर्वाधिक शिकायतें भूमि संबंधी प्राप्त हुईं। इस पर जिलाधिकारी ने निजी, सार्वजनिक एवं सरकारी भूमि की पैमाइश से जुड़े मामलों को गंभीरता से लेते हुए राजस्व एवं पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि ऐसे मामलों में मौके पर पहुंचकर निष्पक्ष एवं पारदर्शिता पूर्ण कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि फील्ड स्तर के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा प्रस्तुत की जाने वाली आख्या स्पष्ट, तथ्यपरक और सुस्पष्ट होनी चाहिए, ताकि शिकायतों के निस्तारण में अनावश्यक विलंब न हो।

उन्होंने कहा कि जिन शिकायतों का निस्तारण मौके पर संभव नहीं है, उनमें संबंधित अधिकारी निर्धारित समय सीमा के भीतर दोनों पक्षों को सुनकर निष्पक्ष समाधान सुनिश्चित करें। आमजन को समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, यह प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। हाल ही में ग्राम बडेसरा में महिलाओं द्वारा विद्युत मीटर उखाड़कर किए गए प्रदर्शन के प्रकरण को भी जिलाधिकारी ने गंभीरता से लिया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार का कृत्य अनुचित है। मामले में शामिल लोगों की पहचान कर नियमानुसार विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही उन्होंने आमजन से अपील की कि विद्युत संबंधी किसी भी शिकायत के लिए विभाग के टोल फ्री नंबर 1912 पर शिकायत दर्ज कराएं। सम्पूर्ण समाधान दिवस में राजस्व, पुलिस, विकास, विद्युत, आपूर्ति, नगर निकाय समेत विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि शेष प्रकरणों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देशों के साथ संबंधित विभागों को प्रेषित किया गया।

सम्पूर्ण समाधान दिवस के उपरांत जिलाधिकारी ने अतरौली क्षेत्र की छह गौशालाओं के निरीक्षण के लिए अधिकारियों को भेजते हुए निर्देश दिए कि निर्धारित बिंदुओं पर मुख्य पशु चिकित्साधिकारी दिवाकर त्रिपाठी के माध्यम से विस्तृत आख्या प्रस्तुत की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनसमस्याओं के समाधान के साथ शासन की प्राथमिक योजनाओं की प्रभावी मॉनिटरिंग भी सुनिश्चित की जाएगी। विभिन्न प्रकार के विवादों से जुड़ी शिकायतों को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नीरज कुमार जादौन द्वारा सुना गया। संपूर्ण समाधान दिवस में एडीएम प्रशासन पंकज कुमार, एसडीएम सुमित कुमार सिंह, सीएमओ डॉ0 नीरज त्यागी, पीडी भालचंद्र त्रिपाठी समेत सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Share To:

Post A Comment: