अलीगढ़ महानगर 12 फरवरी 2026: महाशिवरात्रि पर्व को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में जिला मजिस्ट्रेट संजीव रंजन एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नीरज कुमार जादौन ने गुरुवार को खेरेश्वर महादेव मंदिर पहुंचकर व्यवस्थाओं का विस्तृत निरीक्षण किया और श्रद्धालुओं की सुरक्षा व सुविधा को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मंदिर परिसर में साफ-सफाई, बैरिकेडिंग, प्रवेश-निकास मार्ग, भीड़ प्रबंधन, सीसीटीवी निगरानी, पेयजल एवं प्रकाश व्यवस्था का जायजा लिया। जिला मजिस्ट्रेट ने निर्देश दिए कि महाशिवरात्रि पर बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है और इसके लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नीरज कुमार जादौन ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कहा कि मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सतर्क निगरानी रखी जाएगी। यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए विशेष प्लान लागू किया जाएगा, जिससे श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी न हो। इस दौरान जिला मजिस्ट्रेट एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने प्राचीन शिव मंदिर में भगवान महादेव का जलाभिषेक कर जनपदवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। निरीक्षण के समय एडीएम सिटी किंशुक श्रीवास्तव, एसपी ट्रैफिक प्रवीण कुमार यादव, एसडीएम कोल महिमा राजपूत, अपर नगर आयुक्त राकेश कुमार एवं संबंधित प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।



Post A Comment: