जनपद अलीगढ़ 27 अगस्त 2026 : रक्षाबंधन पर्व के दृष्टिगत आमजन को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन एवं खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा मिलावटी एवं खराब खाद्य पदार्थों के निर्माण, भंडारण एवं बिक्री के विरुद्ध लगातार प्रभावी अभियान चलाया जा रहा है। जिलाधिकारी के निर्देश पर विभागीय टीमों ने देर रात तक सघन जांच अभियान चलाकर संदिग्ध खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित किए और मानव स्वास्थ्य के लिए अनुपयुक्त पाए गए 15 कुंतल खराब पनीर को मौके पर ही नष्ट कराया।
अभियान के तहत सायं लगभग साढ़े सात बजे सासनी से आने वाली खोया एवं पनीर की गाड़ियों की सूचना पर मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने खोजन सिंह की गाड़ी को रोककर जांच की। जांच के दौरान पनीर के दो नमूने संग्रहित कर प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे गए।
इसके उपरांत देर रात्रि लगभग 10 बजे से 2 बजे तक टप्पल कट, यमुना एक्सप्रेस-वे पर बाहरी जनपदों से आने वाली खोया एवं पनीर की गाड़ियों की सघन जांच की गई। इसी दौरान मेवात (हरियाणा) से आई गाड़ी को रोककर जांच की गई। मौके पर उपलब्ध पनीर मानव स्वास्थ्य के लिए उपयुक्त नहीं पाए जाने पर लगभग 15 कुंतल खराब पनीर को नियमानुसार नष्ट कराया गया। साथ ही पनीर के दो नमूने जांच के लिए संग्रहित किए गए।
इस दौरान अपर जिलाधिकारी नगर किंशुक श्रीवास्तव ने बताया कि अभियान के दौरान रात्रि लगभग 2 बजे एक अन्य गाड़ी को टप्पल कट पर रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक द्वारा वाहन नहीं रोका गया और गाड़ी को तेज गति से भगाने का प्रयास किया गया। विभागीय टीम ने तत्परता दिखाते हुए वाहन का पीछा किया और बाजना के निकट डायल-112 पुलिस की सहायता से वाहन को पकड़ लिया। चूंकि प्रकरण जनपद मथुरा से संबंधित था,
इसलिए वाहन को पुलिस चौकी बाजना एवं सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय, जिला मथुरा की टीम को आवश्यक विधिक कार्रवाई के लिए सुपुर्द किया गया। खाद्य सुरक्षा विभाग की इस कार्रवाई से स्पष्ट है कि त्योहारों के दौरान आमजन के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध प्रशासन पूरी तरह सतर्क और गंभीर है। विभाग द्वारा खोया, पनीर, मिठाई एवं अन्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर विशेष निगरानी रखते हुए संदिग्ध खाद्य पदार्थों के नमूने लिए जा रहे हैं और मानव स्वास्थ्य के लिए असुरक्षित पाए जाने वाले खाद्य पदार्थों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जा रही है।
इधर एडीएम सिटी ने आमजन से भी अपील की है कि त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थ खरीदते समय उनकी गुणवत्ता एवं प्रतिष्ठान की स्वच्छता पर विशेष ध्यान दें और किसी भी प्रकार की मिलावट अथवा संदिग्ध खाद्य पदार्थ की बिक्री की सूचना तत्काल संबंधित विभाग को दें।






Post A Comment: