जनपद अलीगढ़ 31 अगस्त 2026 : निर्माण श्रमिकों को रोजगार के अवसर आसानी से उपलब्ध कराने और पारंपरिक मजदूर चौक व्यवस्था को डिजिटल माध्यम से जोड़ने की दिशा में श्रम एवं रोजगार मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा महत्वपूर्ण पहल की गई है। इसके तहत उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड का डिजिटल मजदूर चौक मोबाइल ऐप तैयार किया गया है। यह ऐप श्रमिकों और नियोजकों को एक ही मंच पर जोड़ते हुए रोजगार की प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, सुगम और प्रभावी बनाएगा।
उपायुक्त श्रम नदीम अहमद ने बताया कि डिजिटल मजदूर चौक का सबसे बड़ा लाभ यह होगा कि निर्माण श्रमिकों को रोजगार की तलाश में पारंपरिक मजदूर मंडी तक जाने की आवश्यकता नहीं होगी। अब श्रमिक घर बैठे अपने मोबाइल के माध्यम से रोजगार के अवसरों की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे और अपनी सुविधा के अनुसार रोजगार से जुड़ सकेंगे। इससे श्रमिकों के समय और श्रम की बचत होगी, वहीं नियोजकों को भी अपनी आवश्यकता के अनुरूप श्रमिक उपलब्ध कराने में सुविधा मिलेगी। उन्होंने बताया कि यह व्यवस्था श्रमिकों और नियोजकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के साथ ही रोजगार उपलब्ध कराने की प्रक्रिया में पारदर्शिता और कार्यकुशलता बढ़ाएगी। इसके साथ ही निर्माण श्रमिकों को भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ आसानी से और शीघ्र उपलब्ध कराने में भी मोबाइल ऐप महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड का डिजिटल मजदूर चौक मोबाइल ऐप बोर्ड की वेबसाइट और गूगल प्ले स्टोर पर उपलब्ध है। निर्माण श्रमिकों एवं नियोजकों से अपील की गई है कि वे मोबाइल ऐप को डाउनलोड कर इसका अधिकाधिक लाभ उठाएं। ऐप डाउनलोड करने के लिए क्यूआर कोड भी उपलब्ध कराया गया है, जिसे स्कैन कर मोबाइल ऐप तक आसानी से पहुंचा जा सकता है।
डिजिटल तकनीक के माध्यम से श्रमिकों को रोजगार से सीधे जोड़ने की यह पहल उनके आर्थिक सशक्तीकरण के साथ-साथ रोजगार व्यवस्था को अधिक व्यवस्थित, पारदर्शी और सुविधाजनक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।




Post A Comment: