अलीगढ़ मंडल 20 फरवरी 2026 : जिलाधिकारी संजीव रंजन ने शुक्रवार को उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की संचालित हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाओं की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए नौरंगीलाल राजकीय इंटर कॉलेज में स्थापित केंद्रीयकृत परीक्षा कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया। उल्लेखनीय है कि 18 फरवरी से जिले में बोर्ड परीक्षाएं शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संचालित हो रही हैं।
जिलाधिकारी ने निरीक्षण के दौरान सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से विभिन्न परीक्षा केंद्रों की लाइव मॉनिटरिंग देखी और पाया कि परीक्षार्थी पूर्ण शुचिता एवं अनुशासन के साथ परीक्षा दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप नकलविहीन, पारदर्शी एवं निष्पक्ष परीक्षा संपन्न कराना प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है।
कंट्रोल रूम प्रभारी हृदयेश वार्ष्णेय ने जिलाधिकारी को बताया कि जिले में इंटरमीडिएट के लिए द्वितीय पाली में 48,199 परीक्षार्थी परीक्षा में सम्मिलित हो रहे हैं, जिनमें 28,729 छात्र और 19,470 छात्राएं शामिल हैं। परीक्षाओं के सफल संचालन के लिए जिले में 136 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों की निगरानी के लिए लगभग 290 डीवीआर के साथ 6,100 सीसीटीवी कैमरे स्थापित कर केंद्रीयकृत कंट्रोल रूम से सतत मॉनिटरिंग की जा रही है।
जिलाधिकारी ने कंट्रोल रूम में तैनात ऑपरेटरों को निर्देशित किया कि प्रत्येक गतिविधि पर सतर्क दृष्टि बनाए रखें और किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर तत्काल संबंधित अधिकारियों को सूचित करें, ताकि परीक्षा की पवित्रता एवं विश्वसनीयता अक्षुण्ण बनी रहे। उन्होंने भरोसा जताया कि प्रशासनिक सतर्कता और तकनीकी निगरानी के समन्वय से जिले में बोर्ड परीक्षाएं पूर्णतः नकलविहीन एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होंगी।
सम्पूर्ण समाधान दिवस 21 फरवरी को, डीएम तहसील अतरौली में करेंगे जनसुनवाई
अलीगढ़ महानगर 20 फरवरी 2026: जनता की समस्याओं एवं शिकायतों का शासन की मंशानुसार एक ही स्थान पर त्वरित,पारदर्शी एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किए जाने के उद्देश्य से जनपद की पॉचों तहसीलों में 21 फरवरी शनिवार को प्रातःदस बजे से अपरान्ह दो बजे तक सम्पूर्ण समाधान दिवस आयोजित किए जाएंगे।
निर्धारित रोस्टर के अनुसार जिलाधिकारी संजीव रंजन सिंह तहसील अतरौली में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में स्वयं उपस्थित रहकर जनसुनवाई करेंगे और प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करेंगे। तहसील अतरौली में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में समस्त जिला स्तरीय अधिकारीगण अनिवार्य रूप से उपस्थित रहेंगे, जिससे मौके पर ही समस्याओं का त्वरित एवं संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित किया जा सके। प्रशासन द्वारा आमजन से अपील की गई है कि वे अपनी शिकायतें एवं समस्याएं निर्धारित तिथि, समय एवं स्थान पर उपस्थित होकर दर्ज कराएं।



Post A Comment: