अलीगढ़ मंडल 24 फरवरी 2026 : आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से आयुक्त अलीगढ़ मंडल श्रीमती संगीता सिंह एवं पुलिस उप महानिरीक्षक अलीगढ़ रेंज श्री प्रभाकर चौधरी द्वारा मंडल के चारों जिलों के प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों को कड़े निर्देश जारी किए गए हैं। उन्होंने ऑनलाइन सट्टेबाजी-गेमिंग, जुआ एवं डग्गेमार वाहनों पर कड़ाई से प्रतिबंध लगाने के निर्देश सभी पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों को दिए हैं।
आयुक्त ने आमजन एवं भोलेभाले लोगों की गाढ़ी कमाई को सट्टेबाजी से मुक्त रखने के उद्देश्य से कहा कि अभी वर्तमान में टी-20 क्रिकेट विश्वकप संचालित है। जिसमें ऑनलाइन सट्टेबाजी की संभावना बनी रहती है। उन्होंने पुलिस एवं आईटी सेल को निर्देशित किया कि गैरकानूनी मोबाइल एप्स एवं वेबसाइट के माध्यम चलने वाली ऑनलाइन सट्टेबाजी पर पूर्णतः प्रतिबंध लगाएं और दोषियों के विरूद्ध कड़ी कार्यवाही करें। उन्होंने स्पष्ट संदेश दिया है कि होली के अवसर पर किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सट्टा-जुआ के संगठित नेटवर्क पर सतत अभियान चलाते हुए दोषियों के विरुद्ध कठोर दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। सूचना तंत्र को सक्रिय कर ऐसे तत्वों की पहचान कर तत्काल प्रभाव से निरुद्ध किया जाए। उन्होंने अवैध खनन और ओवरलोडिंग को राजस्व हानि एवं जनसुरक्षा से जुड़ा गंभीर विषय बताते हुए संयुक्त प्रवर्तन कार्रवाई के निर्देश दिए।
इस दौरान पुलिस उप महानिरीक्षक प्रभाकर चौधरी ने निर्देशित किया कि होली के दृष्टिगत सभी जिलों में विशेष सतर्कता बरती जाए। सक्रिय अपराधियों, ऑनलाइन गेमिंग के नाम पर आमजन विशेषकर युवाओं को आर्थिक शोषण, साइबर अपराध एवं अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों पर कड़ी निगरानी रखी जाए। संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल की पर्याप्त तैनाती सुनिश्चित की जाए, ताकि पर्व के दौरान शांति एवं सौहार्द बना रहे। दोनों अधिकारियों ने यह भी निर्देशित किया है कि प्रत्येक थाना आमजन के लिए भरोसे का केंद्र बने। थानों पर आने वाले फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता और संवेदनशीलता से सुना जाए और उनका त्वरित एवं निष्पक्ष निस्तारण किया जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर जवाबदेही तय की जाएगी।
प्रशासन और पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सख्त एवं समन्वित कार्रवाई के माध्यम से मंडल में कानून व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त रखते हुए होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराया जाएगा।



Post A Comment: