रिपोर्टर आकाश कुमार 

अलीगढ़ मंडल 9 फरवरी 2026: महाशिवरात्रि पर्व एवं आगामी बोर्ड परीक्षाओं को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए आयुक्त अलीगढ़ मंडल संगीता सिंह एवं डीआईजी प्रभाकर चौधरी ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से मंडल के चारों जिलों के जिला मजिस्ट्रेट्स एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों के साथ कानून-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं की व्यापक समीक्षा की। बैठक में स्पष्ट किया गया कि पर्व एवं परीक्षाओं के दौरान किसी भी स्तर पर कानून-व्यवस्था से समझौता नहीं किया जाएगा। किसी भी शिव भक्त एवं परीक्षार्थी को असुविधा न होने दी जाए।

आयुक्त ने निर्देश दिए कि सभी जिलों में संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील स्थलों की पहचान कर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए। प्रमुख शिवालयों, कांवड़ मार्गों, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों एवं चौराहों पर निरंतर निगरानी रखी जाए। उन्होंने कहा कि मार्गों पर विधिवत संकेतक एवं दिशा-सूचक बोर्ड अनिवार्य रूप से लगाए जाएं, जिससे श्रद्धालुओं को सुगम एवं सुरक्षित आवागमन मिल सके।

क्वार्सी क्षेत्र अंतर्गत रामघाट रोड पर मरम्मत कार्य, खेरेश्वर मंदिर क्षेत्र में प्रस्तावित डायवर्जन का प्रकरण सामने आने पर आयुक्त ने जिलाधिकारी अलीगढ़ को निर्देशित किया कि विभिन्न मार्गों का तत्काल निरीक्षण कर सभी आवश्यक मरम्मत व यातायात प्रबंधन कार्य समय से पूर्ण कराए जाएं, ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था या दुर्घटना की स्थिति उत्पन्न न हो।

हाइवे पर ई-रिक्शा संचालन को गंभीर सुरक्षा जोखिम बताते हुए आयुक्त ने निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा अवधि तक राष्ट्रीय राजमार्गों पर ई-रिक्शा का संचालन पूरी तरह प्रतिबंधित कराया जाए और उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए।

डीआईजी प्रभाकर चौधरी ने निर्देश दिए कि कांवड़ मार्गों का पूर्व सर्वेक्षण कर सुरक्षा के दृष्टिगत सभी आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं। उन्होंने कहा कि पर्व अवधि में मीट की दुकानें पूर्णतः बंद रहें, ढाबों व होटलों पर संचालकों का नाम स्पष्ट रूप से अंकित हो एवं यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रभावी पुलिस प्रबंध किए जाएं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि गंगा अथवा किसी भी नदी में डूबने की एक भी घटना बर्दाश्त नहीं की जाएगी, इसके लिए संवेदनशील घाटों पर अतिरिक्त सतर्कता एवं पुलिस बल की तैनाती की जाए। इसके साथ ही आकस्मिक दुर्घटनाओं से बचने के लिए बेरीकेडिंग, गोताखोर, विद्युत समेत अन्य व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कर ली जाएं।

परीक्षाओं के दृष्टिगत आयुक्त ने निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्रों के आसपास शांति व्यवस्था, ध्वनि नियंत्रण एवं निर्बाध आवागमन सुनिश्चित किया जाए, जिससे विद्यार्थियों की पढ़ाई एवं परीक्षाओं पर कोई प्रतिकूल प्रभाव न पड़े। प्रशासन ने दो-टूक शब्दों में कहा कि पर्व एवं परीक्षाओं के दौरान अराजकता फैलाने, अफवाह फैलाने, धार्मिक भावनाएं भड़काने अथवा कानून तोड़ने वालों पर तत्काल और सख्त कार्रवाई की जाएगी। सभी जिलों में प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी आपसी समन्वय के साथ लगातार निगरानी रखेंगे, ताकि बोर्ड परीक्षाएं ण्एवं महाशिवरात्रि पर्व श्रद्धा, शांति और सुरक्षा के वातावरण में संपन्न हो सके।

Share To:
Next
This is the most recent post.
Previous
Older Post

Post A Comment: