रिपोर्टर आकाश कुमार 

अलीगढ़ जनपद 23 अप्रैल 2026 : उत्तर प्रदेश प्रशासनिक सेवा के कर्मठ आईएएस अधिकारी अविनाश कुमार ने बुधवार को अलीगढ़ जिले के जिलाधिकारी के रूप में कार्यभार ग्रहण कर लिया है। उनके आगमन से जिले में प्रशासनिक कार्यप्रणाली को नई ऊर्जा और दिशा मिलेगी। नवागत जिलाधिकारी द्वारा गुरूवार को कलैक्ट्रेट सभागार में मीडिया प्रतिनिधियों के साथ परिचयात्मक भेंट वार्ता की गई।

वर्ष 2013 बैच के आईएएस अधिकारी श्री कुमार भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान बॉम्बे से केमिकल इंजीनियरिंग में बी.टेक स्नातक हैं और अपनी जमीनी कार्यशैली, तेज निर्णय क्षमता और परिणामोन्मुखी प्रशासन के लिए प्रदेशभर में विशेष पहचान रखते हैं। अपने अब तक के प्रशासनिक कार्यकाल में झांसी, बाराबंकी, हरदोई और गाजीपुर जैसे महत्वपूर्ण जिलों में जिलाधिकारी के रूप में सेवाएं दी हैं। इसके अतिरिक्त, उन्होंने प्रदेश के मुख्यमंत्री जी के विशेष सचिव के रूप में भी महत्वपूर्ण दायित्व निभाया, जहां उन्होंने शासन स्तर पर नीतिगत निर्णयों के प्रभावी क्रियान्वयन में अहम भूमिका अदा की।

अलीगढ़ आगमन से पूर्व आपने गाजीपुर के जिलाधिकारी के रूप में कार्य करते हुए लोक कल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और प्रशासनिक पारदर्शिता को सुदृढ़ करने पर विशेष जोर दिया। जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने कहा कि अलीगढ़ में शासन की मंशा के अनुरूप  जनसुनवाई, राजस्व वादों का समयबद्धता से निस्तारण, लॉ एण्ड ऑर्डर, जिले में चल रहे विकास कार्यों को आगे बढ़ाना, नगर निगम एवं प्राधिकरण के समन्वय से विकास कार्यों को गति देना, मा0 जनप्रतिनिधियों द्वारा प्रस्तुत जनसमस्याओं का त्वरित निस्तारण एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुॅचाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता में रहेगा।

इगलास में खाद्य सुरक्षा विभाग ने की बड़ी कार्यवाही,252 किलोग्राम संदिग्ध मिलावटी घी बरामद

अलीगढ़ जनपद 23 अप्रैल 2026 : अपर जिलाधिकारी नगर किंशुक श्रीवास्तव के कुशल पर्यवेक्षण में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा मिलावटी खाद्य पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के क्रम में थाना इगलास पुलिस के सहयोग से एक बड़ी कार्यवाही की गई।

घटना के बारे डॉ0 दीनानाथ यादव सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी की टीम ने थाना इगलास पुलिस के साथ संयुक्त रूप से चेकिंग के दौरान वाहन संख्या HR26EH2124, मारुति ईको को रोका। जांच में वाहन से नीले रंग के 06 ड्रमों में लगभग 252 किलोग्राम संदिग्ध मिलावटी घी बरामद हुआ, जिसे बिक्री हेतु ले जाया जा रहा था। पूछताछ में वाहन चालक ने अपना नाम परवेज, निवासी नूह, हरियाणा बताया। उसने स्वीकार किया कि वह यह घी भरतपुर, राजस्थान से लाकर आस-पास के क्षेत्रों में रुपया 540/- प्रति किलोग्राम’ की दर से बिक्री करने जा रहा था। बरामद घी का अनुमानित बाजार मूल्य रुपया 1,36,080/- है।

1. मौके पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के अंतर्गत 02 नमूने विधिक नमूने खाद्य सुरक्षा अधिकारी महेंद्र सिंह द्वारा संग्रहित कर, सील मोहर कर खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला को जांच के लिए प्रेषित किए गए। शेष लगभग 252 किलोग्राम संदिग्ध घी को सीज कर थाना गोंडा पुलिस की अभिरक्षा में सुपुर्द कर दिया गया है।

 इधर सहायक आयुक्त (खाद्य) दीनानाथ यादव ने बताया कि जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत यदि नमूना अधोमानक/असुरक्षित/मिथ्या छाप पाया जाता है, तो खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 की सुसंगत धाराओं के तहत आरोपी के विरुद्ध कठोर दंडात्मक कार्यवाही अमल में लाई जाएगी, जिसमें 6 माह से 3 वर्ष तक का कारावास एवं रुपया 1 लाख से रुपया 10 लाख तक जुर्माने का प्रावधान है। उन्होंने कहा कि आगे भी जिले में मिलावटी खाद्य पदार्थों के विरुद्ध अभियान निरंतर जारी रहेगा।

Share To:
Next
This is the most recent post.
Previous
Older Post

Post A Comment: