अलीगढ़ जनपद 25 अप्रैल 2026 : शहर में गुरूवार को खंडित विद्युत आपूर्ति की स्थिति का संज्ञान लेते हुए दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के मुख्य अभियंता अरविंद नायक ने नगरीय विद्युत खंड-द्वितीय को तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए। अधिशासी अभियंता के नेतृत्व में विभागीय टीमों ने तेजी दिखाते हुए प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर तकनीकी खामियों को दूर किया, जिससे अधिकांश इलाकों में बिजली आपूर्ति सामान्य कर दी गई।
अभियान के तहत पड़ियावली, सासनी गेट, सराय रहमान, जमालपुर, सुरेंद्रनगर, विक्रम कॉलोनी और ओजोन सिटी समेत कई क्षेत्रों में आई समस्याओं का तत्काल समाधान किया गया। निरीक्षण में केबल फाल्ट, ट्रांसफार्मर खराबी, ओवरलोडिंग तथा पेड़ों की टहनियों के संपर्क से लाइन बाधित होने जैसी समस्याएं सामने आईं, जिन्हें प्राथमिकता पर ठीक कराया गया। कई स्थानों पर कुछ ही घंटों में आपूर्ति बहाल कर दी गई, जबकि जटिल कार्य भी समयबद्ध तरीके से पूर्ण किए गए।
इस दौरान मुख्य अभियंता वीरेंद्र कुमार नायर ने बताया कि भविष्य में ऐसी समस्याओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रिवेंटिव मेंटेनेंस, लाइन सुधार, ट्रांसफार्मर की नियमित निगरानी और पेड़ों की छंटाई का कार्य तेज किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं को निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति देना विभाग की सर्वाेच्च प्राथमिकता है, जिसके लिए फील्ड स्तर पर मॉनिटरिंग और अधिक सुदृढ़ की गई है। साथ ही निर्देश दिए गए हैं कि नेगेटिव बैलेंस वाले स्मार्ट मीटर प्रीपेड उपभोक्ताओं के कनेक्शन विच्छेदन के बाद जैसे ही उपभोक्ता धनराशि जमा करें, उनका संयोजन तत्काल पुनः जोड़ दिया जाए। सभी अधिकारियों को अपने मोबाइल नंबर सक्रिय रखने और उपभोक्ताओं की शिकायतों का तत्काल समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि किसी भी विद्युत समस्या की सूचना तुरंत हेल्पलाइन या स्थानीय कार्यालय को दें, ताकि शीघ्र निस्तारण किया जा सके।



Post A Comment: