अलीगढ़ जनपद 16 मई 2026: जनसमस्याओं के त्वरित, गुणवत्तापूर्ण एवं पारदर्शी निस्तारण के उद्देश्य से शनिवार को जिले की सभी तहसीलों में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। खैर तहसील में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी अविनाश कुमार स्वयं पहुंचे। खैर तहसील में यह उनका पहला संपूर्ण समाधान दिवस था, जिसे लेकर फरियादियों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
जिलाधिकारी के आगमन की प्रतीक्षा कर रहे लोगों ने प्रशासन की नई व्यवस्थाओं की सराहना की। पूर्व में जहां फरियादियों को लंबी कतारों में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार करना पड़ता था, वहीं इस बार शिकायत लेकर पहुंचे लोगों के लिए बैठने हेतु कुर्सियों की समुचित व्यवस्था की गई। इससे लोगों को सम्मानजनक माहौल मिला और वे अपनी समस्याएं सहजता से अधिकारियों के समक्ष रख सके।
ग्रामीणों ने तहसील परिसर में दिखे बेहतर प्रबंधन और नागरिक सुविधाओं की सराहना करते हुए इसे जनहित में सकारात्मक पहल बताया। प्रशासन ने भी स्पष्ट किया कि आमजन की समस्याओं के समयबद्ध समाधान के लिए ऐसी व्यवस्थाएं निरंतर प्रभावी बनाई जाएंगी।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में सर्वाधिक 59 समस्याएं राजस्व विभाग से सबंधित रहीं। वहीं पुलिस की 8, विद्युत की 5 एवं अन्य विभागों से 29 शिकायती पत्र प्राप्त हुए। जिलाधिकारी ने सबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी शिकायतों को शिकायत कर्ता को संतुष्ट करते हुए उभयपक्षों को सुनकर निर्धारित समयावधि में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नीरज कुमार जादौन, एसडीएम शिशिर सिंह, सीएमओ डा0 नीरज त्यागी, डीडीओ आलोक आर्य, पीडी भाल चन्द त्रिपाठी, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट आयुष जायसवाल, तहसीलदार अवनीश कुमार समेत अन्य जिला व तहसील स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।




Post A Comment: