अलीगढ़ जनपद 11 जून 2026: खाद्य पदार्थों में मिलावट पर प्रभावी अंकुश लगाने और आमजन को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने गुरुवार को जनपद में मसालों पर विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया। अभियान के तहत गठित चार टीमों ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक निरीक्षण करते हुए 9 प्रतिष्ठानों से मसालों के 11 नमूने संग्रहित किए।
आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तर प्रदेश के निर्देशों के अनुपालन में सहायक आयुक्त खाद्य-द्वितीय के निर्देशन एवं मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी मनोज कुमार सिंह तोमर के पर्यवेक्षण में यह अभियान संचालित किया गया। टीमों ने खैर, गभाना, इगलास, अतरौली, कोल एवं शहर क्षेत्र में स्थित प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर हल्दी, लाल मिर्च, धनिया एवं जीरा सहित विभिन्न मसालों के नमूने लिए।
अभियान के दौरान खुले एवं पैक्ड दोनों प्रकार के मसालों की जांच के लिए नमूने संग्रहित किए गए। इनमें प्रमुख ब्रांडों के हल्दी और मिर्च पाउडर के साथ-साथ साबुत धनिया, धनिया पाउडर तथा जीरा के नमूने भी शामिल हैं। अधिकारियों ने खाद्य कारोबारकर्ताओं को खाद्य सुरक्षा मानकों का कड़ाई से अनुपालन करने के निर्देश दिए। एफएसडीए अधिकारियों ने बताया कि संग्रहित सभी नमूनों को विधिवत सील कर परीक्षण हेतु राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेज दिया गया है। प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 तथा नियमावली-2011 के तहत दोषी पाए जाने वाले प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने जनपदवासियों से अपील की है कि यदि कहीं संदिग्ध, मिलावटी अथवा अस्वच्छ खाद्य सामग्री की बिक्री की सूचना मिले तो उसकी जानकारी तत्काल टोल फ्री नंबर 1800-180-5533 अथवा जिला कार्यालय को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।



Post A Comment: